हरिद्वार : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

Share

हरिद्वार :- रुड़की में शनिवार सुबह विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से ग्रीन पार्क कॉलोनी मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच में साफ  हुआ है कि विवाहिता के गले पर निशान हैं।

बताया गया है कि रामपुर गांव निवासी नदीम अपनी पत्नी शहनाज (25) के साथ पिछले तीन वर्षों से ग्रीन पार्क कॉलोनी रह रहा था। नदीम का एक बेटा भी है। बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। रात 2ः30 बजे नदीम ने शहनाज के भाई को फोन कर बताया कि उसकी बहन की मृत्यु हो गई है। सुबह 5ः30 बजे विवाहिता के परिजन घर पहुंचे। मायके वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच अपने बेटे के साथ नदीम फरार हो गया। पुलिस  उसकी तलाश में जुटी है। बताया गया है कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते विवाह किया था और पिछले 3 साल से वह ग्रीन पार्क कॉलोनी में ही किराये के मकान में रह रहे थे। शहनाज की शादी 2017 में मुकर्रबपुर निवासी एक युवक से हुई थी, लेकिन यह शादी कुछ ही दिन तक चल पाई, क्योंकि प्रेम प्रसंग के चलते नदीम शहनाज को अपने साथ ले आया और उससे निकाह कर ग्रीन पार्क कॉलोनी में आकर किराये के मकान में रहने लगा। परिजनों ने नदीम पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।