गाजियाबाद। तीन महीने की गर्भवती विवाहिता को ससुरालियों ने गला दबाकर मारने का प्रयास किया। आरोप है कि देवर और ससुर विवाहिता पर गलत नजर रखते हैं और उसके साथ कई बार दुर्व्यवहार कर चुके हैं। विरोध करने पर मारपीट की जाती है। इस संबंध में पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में लगी है।
थाना विजयनगर क्षेत्र में तिगरी गोल चक्कर के निकट स्थित अंबुजा सिटी सोसाइटी में रहने वाली सुरभि शर्मा का विवाह वर्ष 2017 में मेरठ रोड निवासी अरुण शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालिया विवाहिता का उत्पीड़न करने लगे। बेटा होने के बाद भी वह नहीं बदले और उनका उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि ससुर शिव शंकर शर्मा और देवर तरुण शर्मा विवाहिता पर गलत नजर रखते हैं। जिसके चलते कई बार उन्होंने उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
शराब के नशे में देवर तरुण ने कई बार गाली गलौज कर परिजनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि विवाहिता के तीन महीने की गर्भवती होने के बाद ससुरालियों ने उसे गला दबाकर मारने का प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।पुलिस ने बताया कि इस संबंध में पीड़िता ने पति, देवर और ससुर के अलावा सास राजवती शर्मा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।