अध्यक्ष पद के लिए मुनीष त्यागी और नाहर सिंह यादव ने ठोकी ताल
गाजियाबाद। बार चुनाव का पूरी तरह से बिगुल बज चुका है। नामांकन के पहले दिन सोमवार को 23 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसमें अध्यक्ष पद के लिए जहां मुनीष त्यागी और नाहर सिंह यादव ने ताल ठोकी, वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए विद्या भूषण मिश्रा और विक्रम सिंह मैदान में है। कोषाध्यक्ष के लिए गजेंद्र त्यागी और सचिन गुप्ता,कनिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए बिट्टू शर्मा और रमजीत सिंह, सह सचिव प्रशासन के लिए आभा सिंह, कनिष्ठ के लिए पांच और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के लिए नौ वकीलों ने पर्चा दाखिल किया।
नामांकन 11 बजे से शुरू हुआ जो शाम 4 बजे तक चलेगा। नामांकन दो दिन आज और कल होंगे, जबकि बुधवार को पर्चा वापस लेने तथा रिजेक्ट का दिन है। सभी प्रत्याशी अपने अपने समर्थन वकीलों के साथ पूरे जोर-शोर से पर्चा दाखिल करने के लिए पहुंचे। मतदान 7 नवंबर को है और उसी दिन देर रात तक जीत हार का पता चल जाएगा। पूरी कचहरी में चुनाव का रंग चढ़ा हुआ है। वकीलों के चैंबर पर हार जीत के आंकड़े लगाए जा रहे हैं। हालांकि यह तो समय ही बताएगा जीत का सेहरा किस किस के सिर बंधेगा, लेकिन इस बार मुकाबला रोचक माना जा रहा है।
अध्यक्ष पद के लिए खड़े नाहर सिंह यादव ने पूर्व में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। शाम 4:00 बजे तक अभी और प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने की उम्मीद है। सभी प्रत्याशियों ने बार सभागार में अपना अपना पर्चा बार सचिव विजय गौड़ और अध्यक्ष सुनील दत्त त्यागी को सौंपा। उधर सुरक्षा की दृष्टि से कचहरी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।