गाजियाबाद। एसएसपपी कलानिधि नैथानी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं, बावजूद इसके क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। बदमाश अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस का मखौल उड़ा रहे हैं। इसी क्रम में थाना विजयनगर क्षेत्र में कार सवार बदमाशों ने महिला प्रिंसिपल से हथियारों के बल पर कंगन लूट लिए और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। करीब दो लाख रुपए कीमत के कंगन लूटकर तीनों बदमाश आसानी से फरार हो गए। लूट की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। इस संबंध में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
संतोष मेडिकल कॉलेज के निकट सुनीता भट्ट परिवार के साथ रहती हैं। वह प्रताप विहार चौकी के सामने स्थित एडवांस पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल है। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी साक्षी जो परिवार के साथ प्रताप विहार चौकी के पीछे रहती है, बेंगलुरु में स्थित रानी लक्ष्मीबाई कॉलेज से पढ़ाई कर रही है। लॉकडाउन में वह घर आ गई थी, जबकि उसका सम्मान वहीं रह गया था। जिसे लेने के लिए वह अपने भाई के साथ बेंगलुरु जा रही थी। भाई ने उन्हें फोन करके गाड़ी के पास बुलाया था। गाड़ी थोड़ी दूरी पर खड़ी थी। जैसे ही वह प्रताप विहार में स्थित डे टूडे मॉल के पास पहुंची तो उन्हें कार सवार तीन बदमाशों ने घेर लिया। उन्होंने बताया कि एक बदमाश गाड़ी में ही बैठा रहा, जबकि दो बदमाशों ने उन पर पिस्टल और तमंचा लगा दिया तथा शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए हाथों में पहने कंगन टूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सुनीता भट्ट के बेटे नितेश भट्ट ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के साथ बदमाशों की तलाश की जा रही है। जिस स्थान पर बदमाशों ने सुनीता भट्ट को निशाना बनाया। उस जगह से प्रताप विहार चौकी की दूरी ज्यादा नहीं है। बावजूद इसके बदमाशों द्वारा सुबह सवेरे लूट को अंजाम देने से पता चलता है कि बदमाशों में पुलिस का कितना भय है।
लॉकडाउन में अनिवार्य हुआ मास्क लगाने का बदमाश पूरा फायदा उठा रहे हैं। वह मास्क लगाकर लूटपाट की वारदात कर रहे हैं। लूट का शिकार हुई सुनीता भट्ट ने बताया कि तीनों बदमाशों ने मास्क लगाए हुए थे। उन्होंने बताया कि लूटे गए कंगनों की कीमत करीब दो लाख रुपए है और उनके बेटे नितेश भट्ट उत्तराखंड ब्राहत समिति प्रताप विहार के अध्यक्ष है।