दिन निकलते ही लूट की वारदातों से दहला जिला गाजियाबाद

Share

कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने दो महिला समेत चार लोगों को बनाया निशाना, कटर से सोने का कड़ा काटकर, कंगन उतरवाकर और चेन झपटकर हुए फरार

गाजियाबाद। जिले में बढ़ते हुए अपराधों को एक बार फिर बल मिला है। थाना कविनगर क्षेत्र में दिन निकलते ही बदमाशों ने तांडव मचाया। कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने दो महिला समेत चार लोगों से लूटपाट की। मॉर्निंग वॉक पर जा रहे जहां एक युवक का बदमाशों ने कटर से कड़ा काट कर लूट लिया, वही दूसरे युवक और महिला से हथियारों से बल पर कड़े उतरवा लिए। इसके अलावा दूसरी महिला से चेन लूट ली। थोड़ी ही देर में हुई लूटपाट की चार वारदातों से लोगों के साथ पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। वारदातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थलों पर पहुंची और जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।

कविनगर में रहने वाले रचिन सपरा शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे रोज की भांति मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही वह सी ब्लॉक में पीडीएच स्टोर के पास पहुंचे तो उन्हें आई 20 कार में सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया और करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का हाथ में पहना हुआ कड़ा लूटने लगे। विरोध करने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। कड़ा न उतरने पर बदमाशों ने उसे कटर से काट दिया और फरार हो गए। इसके बाद रचिन सपरा ने लूट की जानकारी 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी।

जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। इसके अलावा कविनगर में ही रहने वाले रमित कोहली को भी बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक के दौरान सेक्टर 3 चौकी से 100 मीटर की दूरी पर घेर लिया और उनसे भी कड़ा लूट लिया। इस वारदात को भी कार सवार बदमाशों ने ही हथियारों के बल पर अंजाम दिया। उधर राजनगर निवासी महिला से भी बदमाशों ने हथियारों के बल पर हाथों में पहने कंगन उतरवा लिए और भाग निकले। बदमाशों ने महिला को शोर मचाने पर गोली चलाने की धमकी दी। जिससे महिला पूरी तरह से डर गई और बदमाशों का विरोध नहीं किया।

शास्त्री नगर में भी बदमाशों द्वारा एक महिला से चेन लूटने की वारदात हुई है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी पुलिस लूटपाट की वारदातों के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जहां जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश में हाथ-पैर मारे, वही वह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगी है। पुलिस का कहना है कि दी जा रही तहरीरो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

कार सवार बदमाशों का आतंक। जिले में कार सवार बदमाशों का आतंक है। आज हुई इन वारदातों से पूर्व भी थाना विजय नगर क्षेत्र के प्रताप विहार में महिला प्रिंसिपल सुनीता भट्ट से भी कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने ही कंगन लूट लिए थे। सुनीता भट्ट को भी बदमाशों घेरकर पिस्टल और तमंचा कमर पर लगा दिया था और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए लूटपाट कर आसानी से फरार हो गए थे।

चोरी की बताई जा रही कार।बताया गया है कि जिस कार में बदमाश लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वह कार चोरी की है। पुलिस का कहना है कि वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। सुबह सवेरे एक के बाद एक करके हुई लूट की वारदातों ने हर बार की तरह पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रखती है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुंह से यही सुना गया कि रात की बात तो दूर है दिन में भी लोग सुरक्षित नहीं है। बदमाश दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं और पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।