नारी शक्ति अभियान के मद्देनजर प्रदेश से ऑनलाइन जुड़े जिले के सभी थाने, कविनगर थाने में मेयर, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से किया उद्घाटन
गाजियाबाद। महिलाओं की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यूपी और केंद्र की सरकार पूरी तरह से गंभीर है। यही कारण है कि प्रदेश में नारी शक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। उक्त बातें महापौर आशा शर्मा ने कविनगर थाने में अभियान के उद्घाटन के दौरान कहीं। अभियान का शुभारंभ मेयर, डीएम अजय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया। महापौर ने कहा कि यूं तो महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को रोकने और उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए सरकार ने आला अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए हुए हैं। इसके बाद भी महिलाओं को सुरक्षित रखने के लिए नारी शक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे और एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि आज से जिले के सभी थाने प्रदेश से ऑनलाइन जुड़ गए हैं।
जिसके चलते पूर्व में थानों में चल रही महिला डेक्स को और अधिक मजबूत करने के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है। जिस पर महिला अपने साथ होने वाली घटित घटना की सूचना हर थाने में बने नारी शक्ति रूम में दे सकती है। सूचना के तत्काल बाद पुलिस द्वारा उस पर एक्शन लिया जाएगा। पुलिस कप्तान ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस वैसे तो महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। इसके बाद भी नारी शक्ति अभियान के शुरू होने से और मजबूती मिलेगी तथा घटित घटना का खुलासा जल्द से जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही घटना में शामिल आरोपियों को उनकी सही जगह जेल पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिए कड़े आदेश, नारी शक्ति अभियान की शुरुआत होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी आला अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से महिलाओें की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए कड़े आदेश दिए। सीएम ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में न बख्शा जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। जिससे महिलाओं के साथ कुछ भी करने से पहले वह 100 बार सोचें।