पायल घोष मामले में अनुराग कश्यप की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस ने अनुराग कश्यप को भेजा समन

Share

मुंबई:- यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दरअसल, अभिनेत्री पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज कराया था। पायल लगातार अनुराग कश्यप गिरफ्तारी की मांग कर रही थीं। अब मुंबई पुलिस जल्द ही पूछताछ के लिए अनुराग कश्यप को समन भेजेगी। अनुराग कश्यप को कल यानि गुरुवार को सुबह 11 बजे बुलाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने फिल्ममेकर अनुराग कश्यप को कल सुबह 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके लिए मुंबई पुलिस ने अनुराग को समन भी जारी कर दिया है। बता दें कि पायल घोष की लड़ाई में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले आवाज उठा रहे हैं। अठावले ने मुंबई पुलिस से अनुराग कश्यप को गिरफ्तार करने की मांग की है।

उन्हेंने कहा कि अगर मुंबई पुलिस जल्द ही अनुराग कश्यप को गिरफ्तार नहीं करती वो धरने पर बैठेंगे। मंत्री का समर्थन मिलने पर अभिनेत्री ने उन्हें सोशल मीडिया पर धन्यवाद दिया। इसके अलावा पायल ने राज्यपाल से भी न्याय की गुहार लगाई थी।

आपको बता दें कि FIR में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, गलत बर्ताव, गलत इरादे से रोकना और महिला का अपमान करने पर आईपीसी के तहत यू / एस 376 (1), 354, 341, 342 सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि पायल घोष ने 19 सितंबर को ट्वीट कर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई थी। पायल घोष ने कहा था कि ‘पहले मैं अपने मैनेजर के साथ उनसे मिली। फिर उसके बाद मैं उनके घर जाकर मिली।

उन्होंने मुझसे बहुत अच्छे से मुलाकात की थी। उनका व्यवहार देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा था लेकिन जब दूसरे दिन उन्होंने अपने घर बुलाया तो कुछ चीजें ठीक नहीं हुईं मेरे साथ। इसी बारे में मैने बात की।’
पायल के आरोपों को अनुराग कश्यप ने खारिज कर दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए अपनी बात रखी थी।

उन्होंने लिखा था, ‘क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूंगा कि जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।’