गाजियाबाद :- सिहानी गेट कोतवाली क्षेत्र में हुए विवाद में इंटर के छात्र की सीने में सुआ घोंपकर हत्या कर दी गई। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी भाग गए। हत्याकांड के बाद जहां छात्र के परिजनों में कोहराम मच गया,वही हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में दो हत्यारोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
नंदग्राम में 19 वर्षीय नितिन परिवार के साथ रहता था। उसके पिता ओमप्रकाश हरियाणा में स्थित एक होटल में काम करते हैं। बताया गया है कि नितिन का नंदग्राम में ही रहने वाले सुमित और उसके दोस्त से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने नितिन को घेर लिया और बर्फ तोड़ने वाला सुआ सीने में घोंप दिया। इससे जहां नितिन खून से लथपथ होकर गिर गया, वहीं आरोपी फरार हो गए।गंभीर हालत में नितिन को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्याकांड की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की।पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।