गाजियाबाद : मीडिया कर्मी को गोली मारने के मामले में पांच हमलावर गिरफ्तार

Share

थाना विजय नगर क्षेत्र में बीती रात स्कूटी सवार युवकों ने मारी थी गोली

गाजियाबाद :- विजयनगर थाना क्षेत्र की माता कॉलोनी में स्कूटी सवार युवकों द्वारा पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य हमलावर समेत पांच हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि पकड़े गए हमलावरों में मोहित, दलबीर, साकिर, आकाश और रवि शामिल हैं। इनमें मुख्य हमलावर रवि है। उधर अस्पताल में भर्ती मीडिया कर्मी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

विजयनगर बाईपास पर स्थित रोज वैली स्कूल के निकट रहने वाले विक्रम जोशी एक समाचार पत्र से जुड़े हैं। सोमवार रात वह माता कॉलोनी निवासी अपनी बहन के घर गए थे। देर रात बहन के घर से निकलते समय तीन स्कूटी पर आए आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इनमें से एक ने हत्या की नीयत से उन पर गोली चला दी थी। सिर में गोली लगने से विक्रम जोशी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए थे। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस में हड़कंप मच गया था, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया था। गंभीर रूप से घायल विक्रम जोशी को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र, सीओ प्रथम डॉ. राकेश मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचे थी और घटना की जानकारी ली थी।

पुलिस की लापरवाही से हुई घटना
बताया जा रहा है कि पुलिस की लापरवाही से घटना हुई है। विक्रम जोशी के रिश्ते में लगने वाली एक लड़की के साथ कुछ दिन पहले छेड़छाड़ की घटना हुई थी। इस संबंध में थाने में शिकायत की गई थी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की, जबकि आरोपी पीड़ित पक्ष को लगातार धमकी दे रहे थे। परिजनों का कहना कि विक्रम जोशी पीड़ित परिवार की पैरवी कर रहे थे। इसी बात को लेकर तैश में आकर आरोपी ने घटना को अंजाम दे डाला। अगर पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई करती तो घटना नहीं होती।

मीडिया कर्मियों में दिखा पुलिस के खिलाफ गुस्सा
मीडिया कर्मी को गोली लगने की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पर मीडिया कर्मियों का हुजूम लग गया। जिसने भी घटना की वजह जानी, उसमें ही पुलिस के खिलाफ क्रोध देखने को मिला। मीडिया कर्मियों का कहना था कि अगर पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई करती तो आज विक्रम जोशी को गोली नहीं लगती। इस संबंध में मीडिया कर्मी लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।

पुलिस ने तत्काल लिखवाई तहरीर
मीडिया कर्मी को गोली लगने की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी अस्पताल पर पहुंच गए और मीडिया कर्मियों के क्रोध को देखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने तत्काल तहरीर लिखवाई और मुकदमा दर्ज कर रातो रात पांच हमलावरों को दबोच लिया।