PM मोदी दिल्ली रैली में बोले- संयोग नहीं, प्रयोग है शाहीनबाग प्रदर्शन

Share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड पर रैली को संबोधित करते हुए सोमवार को कहा कि विपक्ष को मुझसे शिकायत है। पीएम मोदी ने कहा, आज देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि जब विपक्ष को किसी सरकार से शिकायत है। ये कहते हैं कि मोदी जी इतनी जल्दी क्या है? जरा धीरे धीरे काम करों, इतनी तेजी से एक के बाद एक बड़े फैसले क्यों ले रहे हो? इसकी जरूरत क्या है।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सीलमपुर हो, जामिया हो या फिर शाहीनबाग, बीते कई दिनों से सिजिटनशिप अमेंडमेंट बिल को लेकर प्रदर्शन हुए। क्या ये प्रदर्शन सिर्फ एक संयोग है। नहीं। ये एक प्रयोग है। इसके पीछे राजनीति का एक ऐसा डिजाइन है, जो राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने वाला है।

पीएम मोदी ने दिल्ली की रैली में कहा कि भारत नफरत की राजनीति से नहीं बल्कि विकास की नीति से चलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली के लोगों ने एक-एक वोट से भाजपा की ताकत बढ़ाई है। सातों सीटें देकर दिल्ली के लोगों ने बता दिया था कि वो किस दिशा में सोच रहे हैं। देश बदलने में दिल्ली के लोगों ने बहुत मदद की है। अब दिल्ली के लोगों का वोट अपनी दिल्ली को भी बदलेगा। दिल्ली रैली में PM मोदी ने कहा कि शाहीनबाग प्रदर्शन संयोग नहीं, प्रयोग है।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का हमेशा से प्रयास रहा है कि व्यापारियों की दिक्कतें कम हों, उनकी परेशानी कम हो और वो खुलकर अपना काम कर पाएं। पहली बार, उद्यमियों को व्यापार से सम्मानजनक एग्जिट का मार्ग देने वाला आईबीसी कानून बना। पहली बार, देश के हर किसान परिवार के बैंक खाते में सीधी मदद पहुंची। पहली बार, किसानों, मज़दूरों और छोटे व्यापारियों को पेंशन की सुविधा मिली है।

पीएम मोदी ने कहा कि आर्टिकल-370 से मुक्ति कितने साल बाद मिली?–70 साल बाद। रामजन्मभूमि पर फैसला स्वतंत्रता के कितने साल बाद आया?–70 साल बाद, करतारपुर साहब कॉरिडोर कितने साल बाद बना?–70 साल बाद, भारत बांग्लादेश सीमा विवाद कितने साल बाद हल हुआ?–70 साल बाद।

पीएम मोदी ने कहा कि आठ फरवरी को पड़ने वाला वोट सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं, इस दशक में दिल्ली के विकास को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए होगा। ये काम कौन कर सकता है? वो भारतीय जनता पार्टी, जो अपने हर संकल्प को पूरा करती है, जो कहती है, वो करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि 11 फरवरी को जब दिल्ली में बीजेपी एनडीए की सरकार बनेगी, तब इन कॉलोनियों में विकास के काम तेजी से बढ़ेंगे। बीजेपी ने संकल्प पत्र में कहा है कि इन कॉलोनियों के विकास के लिए बोर्ड बनाया जाएगा।

इसके अलावा मंगलवार को भी पीएम मोदी दक्षिणी दिल्ली के द्वारका इलाके में जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनावों में पीएम मोदी की दो ही रैलियां होंगी। पीएम मोदी की रैली में संबंधित इलाके के तमाम प्रत्याशियों को पीएम मोदी के मंच पर बुलाया जाएगा।  

गौरतलब है कि दिल्ली चुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। प्रधानमंत्री से पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा रैली कर चुके हैं। मोदी के अलावा शाह भी आज दिल्ली के मुंडका, सदर बाजार, बुधनगर और ग्रेटर कैलाश में रैली करेंगी। 

बता दें कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है, तो वहीं, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज होने की जुगत लगा रही हैं। वहीं इसके बाद 4 और 5 फरवरी को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी दिल्ली में चुनावी रैली करेंगे।