EC का AAP नेता संजय सिंह को नोटिस, BJP पर लगाया था आरोप बवाल कराने की तैयारी का

Share

आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह को गुरुवार को चुनाव आयोग ने आपत्तिजनक बयान पर नोटिस जारी किया। राज्य सभा सदस्य संजय सिंह को यह नोटिस उनके दो फरवरी के उस विवादित बयान पर दिया गया है जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर बवाल कराने की तैयारी का आरोप लगाया था।

बीजेपी ने इस बयान को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत की थी। आयोग ने सिंह को नोटिस जारी करते हुए शुक्रवार सात फरवरी को 12 बजे तक जवाब मांगा है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान सिंह ने एक साक्षात्कार में कथित तौर पर कहा था कि बीजेपी यहां (दिल्ली में) ऐसी परिस्थिति उत्पन्न कर रही है जिससे शाहीन बाग और जामिया क्षेत्र में गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है। आयोग ने सिंह को भेजे गए कारण बताओ नोटिस में कहा है कि प्रथम दृष्टया उनके बयान से मतदाताओं के बीच भ्रम और अफरा तफरी फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।

आयोग ने सिंह के बयान को प्रथम दृष्टया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुये उन्हें शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक जवाब देने को कहा है।  दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए आठ फरवरी को मतदान होना है। गुरुवार को शाम छह बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा।

क्या था संजय सिंह का विवादित बयान

सिंह ने दो फरवरी को अंदेशा जताया था कि शाहीन बाग और जामिया इलाके में बड़ा बवाल हो सकता है। उन्होंने कहा था कि वह दिल्ली के लोगों और चुनाव आयोग को पहले से ही इस बारे में सतर्क करना चाहता है। सांसद ने कहा था कि भाजपा दिल्ली विधानसभा में हार के डर से बौखलाई हुई है और दो फरवरी को शाहीन बाग में कोई बड़ा बवाल कराना चाहती है।

गौरतलब है कि शाहीन बाग में नागरिकता (संशोधन) कानून (सीएए) के विरोध में पिछले 50 दिन से अधिक समय से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन पर राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में पीछे नहीं हैं।