ऑटो एक्स्पो कल से शुरू, मिलेंगे टिकट इन 9 मेट्रो स्टेशनों पर

Share

ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्स्पो सेंटर में कल से ऑटो एक्स्पो शुरू हो रहा है। इस बार पब्लिक की एंट्री 7 फरवरी की जगह 8 फरवरी से होगी। मेट्रो के 9 स्टेशनों पर टिकट की बिक्री की जाएगी। नॉलेज पार्क में 10 हजार वाहनों की पार्किंग के इंतजाम किए गए हैं।

80 नए वाहन लॉन्च होंगे
ग्रेनो मेट्रो चालू होने की वजह से इस बार नोएडा से फ्री शटल नहीं मिलेगी। पब्लिक एंट्री के दिनों में सुबह का वक्त बिजनस आवर के लिए रिजर्व नहीं होगा। इस बार 104 वाहन कंपनियां इसमें हिस्सा लेंगी। 80 नए वाहन लॉन्च होने की उम्मीद है। खानपान के इंतजाम के लिए 30 नामी ब्रैंड के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। 2 लाख 55 हजार वर्ग मीटर एरिया में एक्स्पो का आयोजन होगा। एंट्री गेट पिछली बार की अपेक्षा इस बार कम होंगे।

प्रगति मैदान में 6 से 9 फरवरी तक कंपोनेंट शो होगा
आयोजन को लेकर सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी गई। संजीव हांडा और देवाशीष मजूमदार ने बताया कि इस बार क्लीन, सेफ और इलेक्ट्रिक हाईब्रिड वाहनों पर मुख्य फोकस रहेगा। सभी वाहन बीएस 6 श्रेणी के होंगे। दिल्ली के प्रगति मैदान में 6 से 9 फरवरी तक कंपोनेंट शो होगा। ग्रेटर नोएडा में 5 से 12 फरवरी तक ऑटो एक्स्पो लेगा। 6 फरवरी को शाम 5 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शो का उद्घाटन करेंगे। करीब 2 लाख 55 हजार वर्ग मीटर एरिया में होने वाले इस शो की थीम एक्सप्लोर द वर्ल्ड ऑफ द मोबिलिटी रहेगी। पिछली बार की अपेक्षा इस बार 15 कंपनियां कम आएंगी। नॉलेज पार्क 2 मेट्रो स्टेशन से पैदल एक्स्पो सेंटर पहुंच सकेंगे।

समय में भी बदलाव
पहले सुबह 10 से शाम 7 बजे तक ऑटो एक्स्पो चलता था। इस बार सुबह 11 बजे से शो शुरू होगा। 8 और 9 फरवरी को शाम 8 बजे तक एक्स्पो चलेगा। 10 और 11 फरवरी को सुबह 11 से शाम 7 बजे तक और अंतिम दिन 12 फरवरी को सुबह 11 से शाम 6 बजे तक आयोजन होगा।

वीआईपी गेट से होगी एंट्री
एक्स्पो में जिम खाना क्लब की तरफ बने गेट नंबर 11, 12, 13 आदि से इस बार पब्लिक को एंट्री नहीं दी जाएगी। मेट्रो स्टेशन बन जाने के कारण आम लोगों को वीआईपी गेट नंबर-1 से भी एंट्री दी जाएगी। इसके अलावा गेट नंबर 2, 3 और 5 से भी एंट्री होगी।

हर दिन रहेगी अलग थीम
ऑटो एक्स्पो में हर दिन अलग थीम होगी। 7 फरवरी को एंटरप्राइज डे, 8 व 9 फरवरी को फैमिली डे, 10 फरवरी को वुमन डे, 11 फरवरी को एक्सप्रिएंस डे और 12 फरवरी को ग्रीन डे थीम रखी गई है। फैमिली डे शनिवार व रविवार को होगा।

यहां मिलेगा टिकट
मेट्रो स्टेशन सेक्टर 51, सेक्टर 137, बॉटनिकल गार्डन, नॉलेज पार्क, मंडी हाउस, हौजखास, राजीव चौक, हुडा सिटी सेंटर, जनकपुरी से टिकट ले सकते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन भी टिकट ले सकते हैं। बिजनेस आवर का टिकट 750 रुपये, शनिवार व रविवार को 475 और बाकी दिन 350 रुपये का टिकट होगा।