यूपी: करॉना बना था शादी में विलन, अब चीनी युवती आई सरकार की मदद से भारत

Share

गाजियाबाद
यूपी के एक शख्स के प्यार के आगे करॉना वायरस का डर भी हार गया है। भारत सरकार की इजाजत के बाद चीनी युवती हापुड़ आ गई है और अब उसकी शादी होगी। दरअसल, हापुड़ का एक शख्स और यह चीनी लड़की करीब 7 साल से एक दूसरे को जानते थे और अब शादी करने वाले थे। इसी महीने इनकी शादी थी, लेकिन करॉना वायरस की वजह से भारत सरकार ने सभी चीनी नागरिकों का वीजा रद्द कर दिया था। इस वजह से शादी पर संशय बना हुआ था। अब चीनी युवती भारत पहुंच चुकी है। एयरपोर्ट पर दूल्हे के घरवालों ने उसका स्वागत किया।

क्या है मामला
शख्स को अमेरिका में पढ़ाई के दौरान करीब 7 साल पहले चीनी युवती से प्यार हुआ। दोनों ने प्यार को अंजाम तक पहुंचाने के लिए शादी करने की ठानी। परिवार की सहमति से 9 फरवरी को शादी की तारीख तय हुई, लेकिन इस बीच इन दोनों के मिलन में करॉना वायरस ने विलन की तरह एंट्री मारी और दोनों की शादी में अड़ंगा लगा दिया था। लड़की के चीनी होने की वजह से भारत सरकार ने उसका वीजा कैंसल कर दिया।

इसके बाद लड़के के परिवार ने भारत सरकार से मदद मांगी थी। सरकार ने वीजा के लिए मैनुअली अप्लाई करने को कहा था। अगर लड़की तय समय पर भारत नहीं आती तो शादी को आगे बढ़ा दिया जाता।

2013 में गए थे न्यूयॉर्क
शख्स अमेरिका में नौकरी करता है। 2013 में वह पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क गया था। पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती एक चीनी युवती से हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली। दोनों का करियर जब सेटल हुआ तो उन्होंने इस साल शादी करने का प्लान किया। शादी के लिए युवक 1 फरवरी को न्यूयॉर्क से भारत आ गया। 2 दिन बाद युवती भी वहां से भारत आने वाली थी, लेकिन 3 फरवरी को चीनी नागरिक होने की वजह से उसका वीजा कैंसल कर दिया गया।