भड़काऊ भाषण मामला: दिल्ली पुलिस ने शरजील इमाम के खिलाफ दर्ज की FIR

Share

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन में भड़काऊ और विवादित बयान देने वाले जेएनयू के पूर्व छात्र शरजील इमाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है। दंगा भड़काने के मंशा से दिए गए भाषण के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने ये एफआईआर दर्ज की है। उधर अलीगढ़ से यूपी पुलिस की दो टीम शरजील को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली रवाना हो चुकी है। इससे पहले शनिवार को भी शरजील के खिलाफ असम और अलीगढ़ में मामले दर्ज किए गए थे।

इससे पहले न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अलीगढ़ के एसएसपी आकाश कुलहरी ने जानकारी दी थी कि शरजील इमाम को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें दिल्ली भेज दी गई हैं। उन्होंने कहा था कि हम दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। बता दें कि शनिवार को अलीगढ़ में शरजील इमाम के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में अलीगढ़ से दो टीमें शरजील को पकड़ने के लिए दिल्ली भेजी गई है।

शाहीनबाग में आयोजित सभा में देश को लेकर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाला छात्र शरजील इमाम जेएनयू में इंडियन मार्डन लैंग्वेज का छात्र है। इसने अपने फेसबुक पोस्ट में भी कई आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट लिखे हैं। अपने एक पोस्ट में शरजील ने लिखा है कि, शाहीनबाग का मॉडल चक्का जाम का है, बाक़ी सब सेकेंडरी है। चक्का जाम और धरने में फ़र्क समझिए, हर शहर में धरने कीजिए, उसमें लोगों को चक्का जाम के बारे में बताइए और फिर तैयारी करके हाईवेज़ पर बैठ जाइए। एक अन्य फेसबुक यूजर ने शाहीन को टैग करके लिखा है कि शाहीनबाग सहित अन्य जगहों पर विरोध प्रदर्शन खड़ा करने में शरजील की भूमिका है।

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र शरजील इमाम के विवादित वीडियो वायरल होने के बाद हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता ने अमर कॉलोनी थाना पुलिस को शिकायत दी है। अपनी शिकायत में उन्होंने शरजील इमाम के खिलाफ देशद्रोह सहित कई धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा अधिवक्ता विवेक गर्ग ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय और अपराध शाखा को शरजील इमाम के खिलाफ शिकायत दी है। दोनों ही शिकायतों में शरजील इमाम की गिरफ्तारी की मांग की गई है। ज्ञात हो कि शरजील इमाम के वीडियो को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में एफआईआर दर्ज की गई है।