Ghaziabad : गौशाला अंडरब्रिज में भरे बरसात के पानी में युवक डूबा

Share

गाजियाबाद :- गौशाला अंडरब्रिज में भयंकर बरसात के चलते भरे पानी में युवक डूब गया। युवक नहाते समय गौशाला अंडरब्रिज में डूब रहे किशोर को बचाने के चलते पानी में उतरा था। किशोर तो बच गया मगर युवक डूब गया। युवक के डूबने से जहां लोगों में हड़कंप मच गया, वही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश की। थोड़ी ही देर में गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया।

बताया गया है कि बरसात होने के चलते गौशाला अंडरब्रिज में पानी भर गया। जिसमें कुछ किशोर नहा रहे थे। इसी दौरान एक किशोर डूब गया। उसे डूबता देख साथी किशोरों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि इसी दौरान कैला खेड़ा का रहने वाला 20 वर्षीय गुल्लू किशोर को बचाने के लिए पानी में उतर गया। उसने किशोर को तो बचा लिया, मगर स्वयं डूब गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर जहां युवक के परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे, वही सूचना मिलने पर पुलिस व गोताखोर भी पहुंचे और गोताखोरों ने युवक की तलाश की। थोड़ी ही देर में गोताखोरों ने युवक का शव बरामद कर लिया। उधर चर्चा यह भी है कि डूबा युवक भी अंडरब्रिज में भरे पानी में नहा रहा था और गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया।

बता दें कि गौशाला अंडरब्रिज में बारिश होने पर पानी भर जाता है। इससे पहले भी लोग अंडरब्रिज में भरे पानी में डूबने से दर्जनों बार बच चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे गौशाला अंडरब्रिज में पानी न भरे।