नोएडा में अब व्हाट्स एप से होगा समस्या का निदान, प्राधिकरण ने किया नंबर जारी

Share

नोएडा :- नोएडा में रहने वालों को अब समस्या से निदान पाने के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अब वह व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत कर सकते हैं और समस्या से निदान भी पा सकते हैं। मुख्य रूप से स्वास्थ्य संबंधी 15 समस्याओं को इस सुविधा से जोड़ा गया है। शनिवार से यह नंबर चालू कर दिया गया है।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने रविवार को बताया कि नोएडा के रहने वाले लोग स्वास्थ्य संबधी समस्याओं के समाधान के लिए व्हाट्सएप नंबर 9717080605 पर व्हाट्सएप मैसेज या टेक्स्ट मैसेज कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। प्राधिकरण तय समय के भीतर सभी शिकायतों पर कार्रवाई करेगा। रितु माहेश्वरी ने नोएडा के लोगों से अपील की है कि वह इस नंबर पर कॉल नहीं करें। रितु माहेश्वरी ने बताया कि लोग इस व्हाट्सएप नंबर के जरिए निम्नलिखित के लिए शिकायत कर सकते हैं –

1. फागिंग और सैनिटाइजेशन के लिए विकास प्राधिकरण की टीम को बुलाया जा सकता है।

2. खुले में मल मूत्र त्याग करने वालों की जानकारी दी जा सकती है।

3. निर्माण से जुड़े मलबे के बारे में जानकारी दी जा सकती है।

4. मल के अपशिष्ट या सेप्टेज के अनुचित निपटान के बारे में बताया जा सकता है। 5. सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालय व यूरिनल की साफ-सफाई नहीं होने के बारे में बताया जा सकता है।

6. शहर में कहीं अगर सीवर ओवरफ्लो हो रहा है तो उसकी जानकारी दी जा सकती है।

7. जल और बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है तो उसकी शिकायत की जा सकती है।

8. सड़क और नालियों की साफ-सफाई नहीं होने या कहीं फुटपाथ पर घास की कटाई नहीं होने के बारे में बताया जा सकता है।

 9. अगर किसी इलाके में कचरा उठाने वाला वाहन नहीं पहुंच रहा है या समय से नहीं आ रहा है तो उसकी शिकायत भी की जा सकती है।

10. शहर के किसी हिस्से में अगर खुले में कचरा पड़ा हुआ है तो उसे उठाने के लिए इस नंबर पर मैसेज भेज सकते हैं।

11.शहर में विकास प्राधिकरण की ओर से रखे गए डस्टबिन अगर साफ नहीं किए जा रहे हैं तो जानकारी दी जा सकती है।

12. शहर के किसी भी हिस्से में मरे जानवर की जानकारी दी जा सकती है।

13. आवारा पशुओं और गोवंश के घूमने के बारे में बताया जा सकता है।

14.स्ट्रीट डॉग और पालतू कुत्तों से अगर कोई परेशानी है तो उनके बारे में भी बता सकते हैं।

15.खुले स्थानों पर कचरा जलाने वालों के बारे में बताया जा सकता है।