Noida : तबलीगी जमात से भागे हुए दो जमाती को पुलिस ने पकड़ा, शरण देने वाले पर मुकदमा दर्ज

Share

नोएडा :- ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना पुलिस ने दिल्ली स्थित निजामुद्दीन में तबलीगी जमात से भागे हुए दो जमातियों को पुलिस ने पकड़ लिया। उसके साथ उनको शरण देने वाले को भी पकड़ा है। उसके ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पुलिस उपायुक्त तृतीय राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को अलवर (राजस्थान) के पुलिस थाना नौगावां की पुलिस ने ई-मेल करके जारचा पुलिस को सूचना दी थी कि दिल्ली के निजामुद्दीन से तबलीगी जमात पर आए 13 व्यक्तियों में से आठ व्यक्ति करबला मस्जिद अलवर से पकड़े गए हैं। पांच व्यक्ति वहां से फरार हो गए हैं। इन 5 व्यक्तियों की मोबाइल लोकेशन कस्बा जारचा में आ रही है। पुलिस उपायुक्त ने जानकारी दी कि लोकेशन के आधार पर जारचा पुलिस ने पांच फरार व्यक्तियों को तलाश किया गया। 

उन्होंने बताया कि पांच व्यक्तियों में से दो मौहम्मद आजम पुत्र मौहम्मद युसूफ निवासी गौरी पैटी लोनी देहात गाजियाबाद और दानिश खान पुत्र सईद अहमद निवासी मंसूर कालोनी सतियो वाली गली नजदीक राजो का कब्रिस्तान सहारनपुर को जारचा पुलिस ने पकड़ा है। इनको शरण देने वाले दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके साथ फरार 3 लोगों के सम्बन्ध में गाजियाबाद पुलिस को सूचना दी गई है। 

राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों भागे हुए व्यक्ति लोनी गाजियाबाद के ही रहने वाले हैं। शरण दाताओं के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। चारों व्यक्तियों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन होम भेज दिया गया है।