विश्व स्वास्थ्य संगठन में भारत की बढ़ी भूमिका, 34 सदस्य कार्यकारी बोर्ड में शामिल

Share
  • कार्यकारी बोर्ड के अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं डॉ हर्षवर्धन

नई दिल्ली :- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के 73वें विश्व स्वास्थ्य सभा ने अपने कार्यकारी बोर्ड में भारत समेत दस देशों को शामिल किया है। इसमें यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण कोरिया, रूस, घाना, ओमान, मेडागास्कर, बोतस्वाना, कोलंबिया और गिनी शामिल हैं। यह देश तीन साल के लिए इस बोर्ड के सदस्य होंगे। इस बोर्ड के अध्यक्ष पद के लिए भारत की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन इस बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार संभाल सकते हैं। वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ जंग में भी भारत की भूमिका अहम रही है। इस जंग में भारत ने 115 से अधिक देशों को हाईड्रॉक्सी क्लोरक्वीन दवा भेज कर मदद की है।

उल्लेखनीय है कि जापान की डॉ हिरोकी नकातानी डब्ल्यूएचओ के 34 सदस्यों के बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष हैं। भारत के नामित को नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंगलवार (19 मई) को 194 देशों के विश्व स्वास्थ्य संगठन की बैठक में पारित किया गया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन की स्वास्थ्य सभा की बैठक हर साल जिनेवा में होती है। इस बार यह बैठक 18-19 मई को वीडियो क़ॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई थी। इस सभा के दुनिया भर में 194 देश सदस्य हैं। इस बार की बैठक का केन्द्र वैश्विक महामारी कोरोना रही। दुनिया भर में इससे निपटने के प्रयास व कारगर कदमों पर चर्चा की गई और दुनिया में चल रहे अध्ययन, शोध में परिस्पर सहयोग पर जोर दिया गया।