#Ghaziabad: पेट्रोल पंप पर लूटपाट का प्रयास, विरोध में गार्ड को गोली मारकर लूटी बंदूक

Share

मुरादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सैंथली में हुई वारदात

गाजियाबाद। थाना मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम सैंथली में स्थित पेट्रोल पंप पर बीती रात बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। पेट्रोल पंप के गार्ड द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और बंदूक लूटकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें वारदात की जानकारी हुई। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश की जा रही है।

ग्राम सैंथली में स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार की रात करीब एक बजे दो बदमाश पहुंचे और लूटपाट का प्रयास किया। बताया गया है कि मुंह गमछे से लपेटे बदमाशों का जब गार्ड सर्वेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस पर भी गार्ड भी बदमाशों से भिड़ गया। जिसके बाद बदमाशों ने उसे गोली मार दी और उसकी बंदूक लूट कर फरार हो गए।गोली की आवाज सुनकर पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारी पेट्रोल पंप पर बने कमरे से बाहर निकल आए तो उन्हें वारदात की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल मामले की जानकारी पेट्रोल मालिक और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है और बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।

पानी पीने के बहाने पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे बदमाश बताया गया है कि दोनों बदमाश पेट्रोल पंप पर पानी पीने के बहाने पहुंचे थे। बदमाशों को देखकर जब गार्ड ने उनसे पूछताछ करनी चाही तो वह गार्ड से भिड़ गए। इसके बाद पकड़े जाने के डर से गार्ड को गोली मारकर उसकी बंदूक लूटकर फरार हो गए।

क्या कहते हैं एसपी देहात एसपी देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया कि गार्ड सर्वेश को गर्दन में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश एक ट्रक खड़ा होने की वजह से कैद नहीं हो सके। अन्य कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।