कार सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े ई रिक्शा चालक को मारी गोली

Share

साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात, लोगों में दहशत
गाजियाबाद। साहिबाबाद कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कार्पियो सवार बदमाशों ने विवाद के चलते ई रिक्शा चालक को गोली मार दी। सिर में गोली लगने के बाद जहां ई रिक्शा चालक खून से लथपथ होकर गिर गया, वहीं बदमाश फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ छानबीन की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।

गोलीकांड गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे भोपुरा डीएलएफ के निकट हुआ। बताया गया है कि सीमापुरी दिल्ली का रहने वाला राजा ई रिक्शा चालक है। वह ई रिक्शा लेकर जा रहा था। इसी दौरान वहां स्कार्पियो सवार कई बदमाश पहुंचे और विवाद के चलते राजा के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से राजा जमीन पर गिर गया। इसके साथ ही गोलीकांड से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुए गोलीकांड से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि चालक का स्कार्पियो सवारों से विवाद हुआ था। जिस पर उसे गोली मारी गई है। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। उन्हें शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। उधर गोली कांड की जानकारी चालक के परिजनों को दे दी गई है।