विषय विहीन विपक्ष सेना का मनोबल गिराने वाले बयान दे रहा है- नड्डा

Share

जयपुर :- लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कांगेस समेत तमाम विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता गलवान घाटी की घटना पर सेना का मनोबल गिराने वाले बयान दे रहे हैं। आज पूरा विपक्ष विषय विहीन है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की डिजिटल राजस्थान जनसंवाद रैली के जरिए जोधपुर और बीकानेर संभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। डिजिटल रैली का आयोजन केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने के उपलक्ष्य में किया गया। शुरुआत में नड्डा ने गलवान घाटी घटना का संदर्भ देते हुए कहा कि आज समय गमगीन है। उन्होंने शहीदों के परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके सपूतों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। ईश्वर उन परिवारों को शक्ति दें, क्योंकि वे सिर्फ उनके परिवार के सपूत नहीं थे वे देश के सपूत थे। सारा देश उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के एक साल के काम को पिछले कार्यकाल के काम से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने छह दशक का काम छह साल में पूरा कर दिखाया है। उन्होंने मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का जिक्र भी किया। साथ ही विपक्ष पर कोरोना वायरस संक्रमण के संकट के दौर में भी राजनीति करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसके नेता गलवान घाटी घटना को लेकर फौज का मनोबल गिराने वाले बयान दे रहे हैं। यह विषय विहीन विपक्ष है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान को आजकल ग्रहण लगा हुआ है। जहां एक तरफ मोदी सरकार विकास के कार्य तीव्र गति से कर रही हैं, वहीं राजस्थान में 25 लाख मास्क गायब हो गए, पीपीई किट गायब हो गई, स्वास्थ्य के क्षेत्र में घोटाला हो रहा है। कांग्रेस की सरकार हमारे विधायकों पर एफआईआर कर रही है। ये उनकी मानसिकता है। राजनीति कर रहे हैं, ऐसी सोच वाले राजस्थान को ऊपर कैसे उठा पाएंगे?

नड्डा ने कहा कि जब दुनिया को भाजपा की समाजसेवा में आवश्यकता थी, तब हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात लोगों की सेवा की। आज ये 23वीं वर्चुअल रैली है और करोड़ों कार्यकर्ताओं तक पहुंचने का काम भाजपा ने लॉकडाउन के समय में भी किया है। लाल बहादुर शास्त्री के बाद किसी प्रधानमंत्री की बात को पूरे देश ने सुना है तो वो नरेन्द्र मोदी हैं। जनता कर्फ्यू और कोरोना वॉरियर्स के लिए ताली-थाली बजाने की बात को पूरे देश ने माना और बाद में इसका अनुकरण अन्य देशों ने भी किया।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के समय हमारी टेस्टिंग कैपेसिटी करीब डेढ़ हजार थी, तब एक भी कोरोना का विशिष्ट अस्पताल नहीं था। आज हमारे पास करीब 1000 कोरोना विशिष्ट अस्पताल हैं और 2 लाख बेड कोरोना के इलाज के लिए हैं। 20 हजार बेड आईसीयू हैं, 21 हजार वेंटीलेटर हैं और 60 हजार वेंटीलेटर पाइप लाइन हैं। रैली को प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी संबोधित किया। रैली के दौरान नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता राजेन्द्र राठौड़, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहे।