बर्थडे स्पेशल 10 सितम्बर : हमेशा विवादों में घिरे रहते हैं फिल्ममेकर अनुराग कश्यप

Share

नई दिल्ली :- बॉलीवुड के जाने माने फिल्म निर्माता, निर्देशक व स्क्रीनराइटर अनुराग कश्यप 10 सितम्बर को 48 साल के हो जाएंगे। अनुराग कश्यप का जन्म 10 सितम्बर, 1973 को गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रकाश सिंह है। अनुराग कश्यप ने अपनी शुरुआती पढ़ाई  ग्रीन स्‍कूल देहरादून और सिंधिया स्‍कूल, ग्‍वालियर से पूरी की। अनुराग वैज्ञानिक बनना चाहते थे और यही सपना लिए वह आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली आ गए और हंसराज कॉलेज में दाखिला लिया। यहां उनका रुझान थियेटर की तरफ हुआ और उन्होंने निर्णय किया कि वह फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाएंगे।

1993 में अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुराग एक नुक्कड़ थियेटर समूह जन नाट्य मंच में शामिल हो गए। अपने करियर के शुरुआती दिनों में अनुराग ने काफी उतार-चढ़ाव देखे। करियर की शुरुआत में उन्हें कई दिनों तक सड़कों पर भटकना पड़ा। काफी संघर्षों के बाद उन्हें पृथ्वी थियेटर में काम मिला जो उनकी पहली नौकरी थी, लेकिन निर्देशक की मृत्यु के कारण उनका पहला नाटक अधूरा रह गया था। साल 1997 में अनुराग ने धारावाहिक कभी-कभी के लिए पटकथा लिखी।

अनुराग कश्यप की जिंदगी में महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब मनोज बाजपेयी ने उन्हें राम गोपाल वर्मा के लिए एक फिल्म लिखने की पेशकश की, जिसका शीर्षक सत्या था। साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म सत्या बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इसके बाद अनुराग कश्यप ने कई फिल्मों की पटकथा लिखी जिसमें शूल, जंग, नायक आदि शामिल हैं। साल 2003 में अनुराग ने फिल्म निर्देशन में कदम रखा और फिल्म पांच का निर्देशन किया, लेकिन दुर्भाग्य से फिल्म विवादों में फंसने के कारण रिलीज नहीं हो पाई। इसके बाद अनुराग ने साल 2007 में आई फिल्म ब्लैक फ्राइडे को निर्देशित किया। अनुराग की यह फिल्म भी विवादों में रही। इस फिल्म के बाद अनुराग की ज्यादातर फिल्में विवादित ही रही। अनुराग ने कई फिल्मों का निर्देशन किया जिसमें नो स्मोकिंग, देव डी, गुलाल, मुंबई कटिंग, गैंग्स ऑफ वासेपुर, बॉम्बे टॉकीज आदि शामिल हैं। अनुराग ने फिल्मों के निर्देशन के साथ-साथ कई फिल्मों का निर्माण भी किया है।

उन्होंने साल 2009 में प्रोडक्शन कंपनी अनुराग कश्यप फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (एकेएफपीएल) की स्थापना की थी। उनके द्वारा निर्मित फिल्मों में उड़ान, तृष्णा, शैतान, गैंग्स ऑफ वासेपुर, शाहिद, लूटेरा, क्वीन, मसान, सांड की आंख आदि प्रमुख है। इसके अलावा अनुराग ने ब्लैक फ्राइडे, नो स्मोकिंग, लक बाई चांस आदि फिल्मों में छोटी भूमिकाओं में भी नजर आए हैं। अनुराग कश्यप फिल्म जगत में सक्रिय है। अनुराग कश्यप की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने साल 2003 में फिल्म एडिटर आरती बजाज से शादी की थी, लेकिन 2009 में दोनों का तलाक हो गया था। दोनों की एक बेटी है जिसक नाम आलिया कश्यप है। साल 2011 में अनुराग ने अभिनेत्री कल्कि कोचलिन से दूसरी शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म देव डी के सेट पर हुई थी। उनका रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला और दोनों ने 2015 में तलाक ले लिया। अनुराग कश्यप सोशल मीडिया पर बेबाक तरीके से अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं। अनुराग कश्यप का विवादों से गहरा नाता रहा है। अनुराग कश्यप विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहते हैं।