फतेहाबाद :स्कूल बस व स्कॉर्पियो में टक्कर, चार बच्चों सहित नौ घायल

Share

फतेहाबाद :स्कूल बस व स्कॉर्पियो में टक्कर, चार बच्चों सहित नौ घायल

फतेहाबाद, 9 मई (हि.स.)। फतेहाबाद में शुक्रवार दोपहर को छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोडऩे जा रही शहर के पॉयनियर स्कूल की बस और एक स्कॉपियो गाड़ी में टक्कर हो गई। इस हादसे में चार बच्चों के अलावा दो टीचर तथा दोनों वाहनों के चालक सहित 9 लोग घायल हो गए। घायलों को शहर के निजी व सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयर बैग खुल गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल संचालक और बच्चों के अभिभावकों में हडकंप मच गया और वह मौके पर पहुंच गए। बाद में घायल बच्चों और टीचरों को जहां उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है वहीं स्कूल बस चालक व स्कॉर्पियो चालक को नागरिक अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के पायनियर स्कूल की बस का ड्राइवर गांव बीघड़ निवासी रामनिवास स्कूल की छुट्टी होने के बाद बच्चों और टीचर्स को घर छोडऩे जा रहा था। जैसे ही वह स्कूल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर पहुंचा तो सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी ने स्कूल बस में टक्कर दे मारी। बताया जाता है कि इस गाड़ी को बनगांव गांव निवासी आदित्य चला रहा था। स्कूल बस चालक ने बताया कि स्कॉर्पियो ड्राइवर तेज स्पीड में गाड़ी चला रहा था। टक्कर लगने से बस भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई वहीं स्कॉर्पियो गाड़ी को भी काफी नुकसान हुआ और उसके एयरबैग खुल गए। टक्कर लगने से स्कूल बस का ड्राइवर रामनिवास, हेल्पर पूनम, दो टीचर घायल हो गए। वहीं, नौवीं कक्षा के कार्तिक, तीसरी कक्षा के नैतिक, छठी कक्षा के भाविश, सातवीं कक्षा के ऋत्विक भी हल्की चोटें आई हैं। इनको प्राथमिक उपचार दिया गया है। बस में सवार अन्य बच्चों को दूसरी बस से उनके घर भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।