छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में भारत की जीत के लिए दुआ
रायपुर, 9 मई (हि.स.)। भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के माहौल के बीच आज जुमा की नमाज के बाद राज्य की सभी प्रमुख मस्जिदों में भारत की सलामती और पाकिस्तान की हार को लेकर विशेष दुआएं अदा की गईं। ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड ने गुरुवार को एक पत्र जारी किया था। जिसमें जुमे की नमाज में भारत की खुशहाली और जीत के लिए, साथ ही पाकिस्तान की हार और उसे नेस्तनाबूद करने की दुआ करने की बात कही गई थी।
मुस्लिम समाज के लोगों ने खुलकर भारत की फतेह और पाकिस्तान के निस्त-नाबूत होने की दुआ मांगी। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, कोरबा सहित अनेक जिलों की मस्जिदों में नमाज के बाद लोगों ने भारत की फतेह को लेकर दुआएं की। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि सभी मस्जिदों में इसके लिए दुआएं मांगी गई हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा है कि भारत सरकार देश की सभी मस्जिदों के मूतवलियो को जंग में जाने की इजाजत दे दे, सभी मस्जिद के मुतवली पाकिस्तान के खिलाफ जंग में जाने को तैयार है।