फतेहाबाद: रात को दुकानों के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड बंद करने के निर्देश

Share

फतेहाबाद: रात को दुकानों के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड बंद करने के निर्देश

फतेहाबाद, 9 मई (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला के नागरिकों को बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फतेहाबाद जिला सुरक्षित है। सावधानी रखना हमारा कत्र्तव्य है। इसके अतिरिक्त यदि कोई अति आवश्यक काम हो तो अपने घर से बाहर निकलें अन्यथा अपने घर पर रहकर अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने जिला वासियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे रात्रि के समय अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों के बाहर लगे बिजली चालित डिस्पले बोर्ड को भी अवश्य बंद करके जाएं। उन्होंने नागरिकों से कहा है कि वे समय-समय पर जारी की जा रही हिदायतों की पालना कर सरकार व प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि गत दिनों जिला में किसी भी आपातकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर एक मॉक ड्रिल भी की गई थी, जिसका उद्देश्य मात्र नागरिकों को मानसिक तौर पर स्वयं को सतर्क कैसे रखना था। उन्होंने अपील की है कि यह मात्र एक अभ्यास था, इससे किसी भी नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है। नागरिक अपने आप को अपडेट रखते हुए सरकार व प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही प्रमाणित सूचनाओं पर ही विश्वास करें। इसके साथ ही उपायुक्त ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार की बिना अधिकृत अथवा अपुष्ट फोटो, वीडियो अथवा न्यूज का संप्रेषण अपने प्रचार माध्यम अथवा सोशल मीडिया पर न करें। साथ ही यदि कहीं कोई ऐसी फेक न्यूज है तो उसे अपने माध्यम से आगे प्रचारित न करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा नियमों की पालना करते हुए जिला के नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। कोई भी जानकारी सांझा करने से पूर्व उसके तथ्यों की जांच करने सहित केवल प्रशासनिक जानकारी पर ही विश्वास करें।