शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आराेपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। खुद को अविवाहित बताकर युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के ईनामी आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक रानीपुर कोतवाली में 23 अक्टूबर को एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रोहित गोस्वामी निवासी कांगडा मन्दिर निकट हरकी पैडी हरिद्वार नामक युवक से उसकी डेढ वर्ष पहले जान पहचान हुई थी। रोहित ने खुद को अविवाहित बताकर पीड़िता को अपने झांसे में लिया और शादी करने का प्रलोभन देकर होटल में कई बार शारीरिक सम्बन्ध बनाये तथा अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के बाद आरोपित के पकड़ से बाहर होने पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आरोपित पर 5000 का ईनाम घोषित किया। आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को टिबडी फाटक से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।
—————