लखनऊ में पुलिस ने दबोचा, रेलवे कर्मी ने शराब के नशे में पत्‍नी को मारी गोली

Share

लखनऊ । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को जहां वैश्विक स्तर पर महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है। वहीं, राजधानी लखनऊ में महिला के प्रति अपराध का ग्राफ नीचे नहीं आ रहा है। पारा के जलालपुर बगिया में सोमवार सुबह शराब के नशे में रेलवेकर्मी व उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। विवाद के दौरान रेलवेकर्मी ने अपनी सिंगल बैरल बारह बोर की बंदूक से पत्नी के दाई ओर कनपटी पर गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर घटना की जानकारी एम्बुलेंस व पारा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एम्बुलेंस से ट्रामा सेंटर भिजवाया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने आरोपित पति रेलवेकर्मी को हिरासत में लेकर बंदूक को अपने कब्जे में ले लिया।

पहले भी हुआ था झगड़ा

जलालपुर बगिया निवासी रेलवेकर्मी अरविन्द मिश्रा मौजूदा समय में ऊंचाहार में ग्रुप डी में नौकरी करता था और 2005 में शाहजहांपुर निवासी रामवीर द्धिवेदी की 35 वर्षीय बेटी राखी उर्फ रूबी के साथ विवाह हुआ था। पिछले तीन दिनों से अरविन्द शराब पी रहा था और शराब पीने को लेकर पत्नी राखी से विवाद हो रहा था। आज सुबह भी दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हो रहा था। जहां अरविन्द ने शराब के नशे में अपनी लाईसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से पत्नी राखी के दाई ओर कनपटी पर गोली मार दी। जिससे राखी खून से लहुलूहान होकर गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर घरों से बाहर आ गए और इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं आनन फानन में लोग अरविन्द के घर पहुंचे जहां राखी को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देख घटना की जानकारी एम्बुलेंस व पारा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राखी को एम्बुलेंस से ट्रामासेंटर भिजवाया। जहां रास्ते में राखी ने दम तोड़ दिया। 

नहीं मिली तहरीर 

वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी राखी के परिजनों को दी और आरोपित अरविन्द को हिरासत में लेकर उसकी सिंगल बैरल 12 बोर बंदूक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मृतक राखी के परिवार में सास निर्मला, देवर सोनू मिश्रा बेटा देव व आदी बेटी साक्षी है। वहीं मायके पक्ष के लोगों के घर पहुंचने पर मृतक की सास निर्मला के बीच विवाद भी हुआ। वहीं पारा इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मुताबिक अरविन्द और राखी के बीच सुबह विवाद हुआ था। मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है।