दूसरी बार पिता बने प्रिंस हैरी, मेगन ने दिया बेटी को जन्म, लिलीबेट डायना रखा नाम

Share

नई दिल्ली. प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्केल ने अमेरिका में बेटी को जन्म दिया है। मेगन व प्रिंस हैरी ने अपनी बिटिया का नाम लिलिबेट ‘लिली’ डायना रखा है।  प्रिंस हैरी और मेघन के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि दंपती ने अपनी बेटी का नाम महारानी एलिजाबेथ और मां प्रिंसेस डायना के नाम पर संयुक्त रूप से रखा है। 
डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मार्कल की बेटी स्वस्थ है। प्रिंस हैरी और मेगन के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि दंपती अपनी दूसरी संतान लिलिबेट ‘लिली’ डायना माउंटबेटन-विंडसर का स्वागत कर रहे हैं। बच्ची का वजन सात पौंड यानी करीब 3.49 किलोग्राम बताया गया है। 
बच्ची का पहला नाम ‘लिलिबेट’ महारानी एलिजाबेथ को प्यार से बुलाए जाने वाला नाम है, जबकि दूसरा नाम उसकी दादी और हैरी की मां डायना के सम्मान में है। यह बच्ची ब्रिटेन के शाही परिवार के वारिसों में आठवें स्थान पर रहेगी। बच्ची के जन्म की खबर के साथ उसकी कोई तस्वीर अभी जारी नहीं की गई है। बच्ची का जन्म ऐसे समय हुआ है जब शाही परिवार और हैरी दंपती के बीच दूरियां बढ़ी हुई हैं। 

प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने एक बयान जारी कर कहा है कि उनकी बेटी का जन्म शुक्रवार चार जून को सैंटा बारबरा कॉटेज अस्पताल में सुबह 11:40 बजे हुआ। बच्ची के जन्म के बाद मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं। वे अब अपने घर में हैं।