अब सोनू निगम ने दी प्रतिक्रिया

Share

इस वक्त इंडियन आइडल 12 को लेकर भी एक ऐसा ही विवाद शुरू हुआ है जो आगे ही बढ़ता चला जा रहा है। दरअसल इंडियन आइडल 12 के एक एपिसोड में किशोर कुमार स्पेशल थीम रखी गई थी। इस एपिसोड में किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार जी को बुलाया गया था।
हालांकि एपिसोड के दौरान कंटेस्टेंट और जजों द्वारा किशोर कुमार के गाने के साथ न्याय ना कर पाने पर फैंस नाराज हो गए और सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर कर दी। वहीं फैंस की नाराजगी का समर्थन करते हुए अमित कुमार ने कहा कि उन्हें भी वहां सबकी परफॉरमेंस पसंद नहीं आई थी लेकिन उन्हें तारीफ करने को कहा गया तो उन्होंने वैसा कर दिया।
अब इस बात को लेकर शो के होस्ट आदित्य नारायण काफी भड़क गए और उन्होंने कहा कि अगर अमित जी को एपिसोड पसंद नहीं आया था तो वो पहले कह देते, उसमें बदलाव हो जाता लेकिन इस तरह से उन्हें शो को लेकर ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए थी। इस मुद्दे पर बहुत से लोग अपनी बात कह चुके हैं वहीं हाल ही में शो को पूर्व जज रहे गायक सोनू निगम ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सोनू निगम सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वो अक्सर खुद संगीत जगत को लेकर कुछ ना कुछ खुलासे करते रहते हैं। इतना ही नहीं कई बार वो अपने बयानों के चलते सुर्खियों में आ चुके हैं। हालांकि इंडियन आइडल को लेकर हो रहे विवाद को अब सोनू ने खत्म कर देने को कहा है। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अमित कुमार को सही बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इंडियन आइडल की भी इसमें कोई गलती नहीं थी। उन्होंने कहा कि, ‘बहुत दिनों से मैं ये विवाद देख रहा हूं और चुप हूं लेकिन अब ये बर्दाश्त के बाहर हो रहा है। अमित कुमार जी एक स्पेशल एपिसोड में आए और ऐसी बातें सामने आई कि बच्चों ने अच्छा नहीं गाया और जजों ने अच्छा नहीं गाया, ये आपकी राय है। हर कोई किशोर कुमार नहीं बन सकता। किशोर कुमार तो कोई ही नहीं बन सकता, पर हर कोई उनके गाने के साथ इंसाफ नहीं कर सकता’।
आगे सोनू निगम ने कहा कि, ‘अभी अमित कुमार जी आएं हैं वो बहुत बड़े आदमी हैं। वो हमारे उस्ताद के बेटे हैं। उन्होंने हमसे ज्यादा दुनिया देखी हैं। उन्होंने बहुत बड़े बड़े लोगों के साथ काम किया है। वो बहुत शरीफ आदमी है जो जल्दी कुछ बोलते नहीं और लोग इसका फायदा उठा रहे हैं। मैं इंडियन आइडल से कहना चाहूंगा कि इस विवाद को खत्म दें। अमित कुमार जी ने कभी ये नहीं कहा कि उन्हें जबरदस्ती कहा गया था। उन्होंने बस एक बात कही। इसमें इंडियन आइडल की भी गलती नहीं है। उन्होंने सिर्फ यही कहा कि हमारे कंटेस्टेंट की थोड़ी तारीफ कर दीजिएगा जिससे उनका हौंसला बढ़े।
आगे सोनू निगम ने कहा कि, ‘इसमें अमित कुमार ने ना कुछ गलत कहा ना ही इंडियन आइडल ने, लेकिन जो लोग इस विवाद को बार बार बढ़ा रहें वो गलत हैं। ऐसी बातें कहीं गईं कि अमित कुमार जी भड़क गए, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। वो इस पर भड़के नहीं थे उन्होंने सिर्फ एक बात कही थी कि उन्हें कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा गया और उन्हें एपिसोड कुछ खास पसंद नहीं आया था।
सोनू ने कहा कि, ‘अमित जी को अकेला छोड़ दीजिए। क्या हमारा कोई बड़ा या टीचर हमसे ये कहता है कि और अच्छा कर सकते हो या ये अच्छा नहीं था तो हम क्या बुरा मानकर बैठ जाते हैं? हमें सोचना चाहिए कि हम उसे कैसे सही कर सकते हैं। अमित कुमार जी ने कहा कि उन्हें तारीफ करने के लिए कहा गया था लेकिन विवाद तो पहले ही हो गया था। मैं सबसे निवेदन करुंगा कि बिना बात के विवाद करने की जरूरत नहीं है। इंडियन आइडल एक अच्छा प्लेटफॉर्म है, कभी कभी कंटेस्टेंट से गलती हो जाती है, लेकिन इस विवाद को अब यहीं खत्म कर दें’।